आज़मगढ में दिनदहाड़े चोरी, मकान का ताला तोड़कर पांच लाख के आभूषण और नकदी ले उड़े चोर
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के नाटी गांव में शनिवार को माहुल-पवई मार्ग स्थित एक मकान को चोरों ने दिनदहाड़े निशाना बना लिया। परिवार के घर से बाहर जाने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और बक्से में रखे करीब पांच लाख रुपये के आभूषण तथा 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और पवई पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। पीड़ित की ओर से थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
माहुल-पवई मार्ग पर है उमाशंकर का मकान
पवई थाना क्षेत्र के नाटी गांव निवासी उमाशंकर, पुत्र झिन्नू, का मकान माहुल-पवई मार्ग पर स्थित है। शनिवार को उनके एक रिश्तेदार के यहां किसी की मृत्यु हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर उमाशंकर अपने परिवार के सभी सदस्यों के साथ सुबह करीब 10 बजे घर में ताला लगाकर वहां चले गए।
इसी दौरान चोरों ने सुनसान मकान को अपना निशाना बनाया। आरोप है कि चोरों ने पहले मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

बक्से से ये सामान हुआ चोरी
पीड़ित के मुताबिक, चोर बक्से से कान की बालियां, पायजेब, मंगलसूत्र, नथिया, बिछिया, मेहंदी समेत अन्य आभूषण और 10 हजार रुपये नकद ले गए। चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
करीब दो घंटे बाद घर लौटे परिजन
परिवार के सदस्य करीब दो घंटे बाद जब घर वापस लौटे तो मकान का दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उन्हें चोरी की जानकारी हुई। दिनदहाड़े चोरी की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
पुलिस जांच में जुटी, पीड़ित ने दो लोगों पर लगाया आरोप
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और पवई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित उमाशंकर ने जमीनी विवाद का हवाला देते हुए दो लोगों के खिलाफ पवई थाने में शिकायत दी है।
वहीं, पवई थानाध्यक्ष मनीष पाल का कहना है कि मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है और इसे चोरी का रूप दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
Discover more from United India Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




