आईआईटी बॉम्बे छात्र मौत मामला: डीन पद से हटाए गए प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला, अब तक क्या-क्या हुआ?
आईआईटी बॉम्बे में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोड़े (22) की हॉस्टल के कमरे में मौत के बाद संस्थान ने बड़ा कदम उठाते हुए प्रशासनिक मामलों के डीन प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। साथ ही संस्थान ने छात्र की मौत की परिस्थितियों को लेकर अपने पहले दिए गए बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है।
महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के निवासी वाकोड़े के परिवार का आरोप है कि उसे संस्थान में प्रताड़ित किया गया और जातिगत भेदभाव झेलना पड़ा, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिसर में छात्रों ने बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी छात्रों का यह भी दावा है कि वाकोड़े को पहले निलंबित करने की धमकियां दी गई थीं।
छात्रों के दबाव के बीच संस्थान ने प्रोफेसर दुल्ला की डीन की जिम्मेदारी निलंबित कर दी है, हालांकि वे अपने विभाग में प्रोफेसर के पद पर बने हुए हैं। संस्थान ने यह भी स्वीकार किया कि मौत की परिस्थितियों को लेकर उसके शुरुआती बयान में जांच पूरी होने से पहले ही निष्कर्ष निकाल लिए गए थे, जिसके लिए माफी मांगी गई।
प्रदर्शनकारी छात्र अब संस्थान के निदेशक के इस्तीफे सहित कई अन्य मांगों पर अड़े हुए हैं और आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, कुछ शिक्षक और पूर्व छात्र प्रोफेसर दुल्ला के समर्थन में सामने आए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पूरा परिसर फिलहाल दो पक्षों में बंटा नजर आ रहा है।
मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। संस्थान ने छात्रों और शिक्षकों को काउंसलिंग व अन्य सहायता सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
Discover more from United India Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




