नोएडा: सेक्टर-39 पुलिस ने चोरी का किया सफल खुलासा, ₹16 लाख के जेवर और ₹1.09 लाख नकद बरामद
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना सेक्टर-39 पुलिस ने एक चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए करीब 16 लाख रुपये कीमत के आभूषण और 1 लाख 9 हजार 650 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से इस मामले में एक बाल अपचारी को सेक्टर-47/48 क्षेत्र से पुलिस संरक्षण में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को वादी ने थाना सेक्टर-39 में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकद रुपये चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर गठित पुलिस टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी सहायता से 22 सितंबर 2026 को इस घटना का सफल खुलासा करते हुए एक नाबालिग को नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लिया।
बरामद सामान में एक गले का हार, दो हाथ के कंगन, दो मंगलसूत्र, तीन चेन, एक मांग टीका, एक नाक की नथ, दो अंगूठियां, एक ओम पेंडेंट, तीन जोड़ी झुमके, तीन जोड़ी पायल, एक जोड़ी कंगन और एक लॉकेट सहित चेन शामिल है, जो पीली व सफेद धातु (सोने-चांदी) के हैं। इसके अलावा 1,09,650 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
इस मामले में थाना सेक्टर-39 पर मुकदमा अपराध संख्या 463/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) और 317(2) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल के अनुसार, यह पूरी कार्यवाही पुलिस टीम की सतर्कता और तकनीकी निगरानी के दम पर संभव हो सकी।
Discover more from United India Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




